header image

उफ़ ये उलझन

‘मुझे उसका छूना अच्छा नहीं लगा, मैं क्या करूं?’

रिया पब्लिक ट्रांसपोर्ट से स्कूल जाती है। एक दिन बस में एक आदमी ने उसके स्तन को छू दिया। रिया असहज महसूस करने लगी। उसे समझ में नहीं हो रहा था कि यह गलती से हुआ है या सामने वाले ने जानबूझ कर किया गया है। उसे यह भी नहीं समझ में आ रहा था कि उसे अब क्या करना चाहिए। साहिल को भी ट्यूशन से घर लौटते समय एक व्यक्ति ने छुआ। यौन उत्पीड़न एक गंभीर समस्या है जो किशोर लड़के लड़कियों सहित सभी उम्र के लोगों को प्रभावित करती है। यह समझना बेहद जरूरी है कि आखिर यौन उत्पीड़न क्या है, इसके विभिन्न प्रकार क्या हैं और इस गलत व्यवहार से खुद को और दूसरों को बचाने के लिए आप क्या कर सकते हैं। आइए इस सप्ताह के जिज्ञासा स्टेशन में इस बारे में विस्तार से बात करते हैं। 

यौन उत्पीड़न क्या है?

कोई भी अनचाहा या अनवांछित व्यवहार चाहे वह मौखिक, शारीरिक या विजुअल हो, यौन उत्पीड़न है। इसमें अनचाहा स्पर्श, सेक्सुअल कमेंट्स या चुटकुले, या किसी की सहमति के बिना अश्लील सामग्री दिखाने जैसी चीज़ें शामिल हैं। यौन उत्पीड़न किसी भी उम्र और लिंग के व्यक्ति के साथ हो सकता है। यह स्कूल, काम पर या ऑनलाइन सहित कई तरह के जगहों पर हो सकता है।

इस विषय में और जानने के लिए दिए गए वीडियो पर क्लिक करें। बाकी का आर्टिकल वीडियो के नीचे हैंः

यौन उत्पीड़न कई अलग-अलग प्रकार के हैं जो विशेष रूप से किशोरावस्था के लड़के लड़कियों के साथ होते हैं। इसमें निम्न चीजें शामिल हैं:

  • मौखिक उत्पीड़न, यानि किसो को भद्दे शब्द, कमेंट्स या चुटकुले, या गंदे वाक्य बोलना।
  • शारीरिक उत्पीड़न, इसमें अनचाहा स्पर्श या अन्य प्रकार के शारीरिक संपर्क शामिल हैं।
  • दृश्य उत्पीड़न, यानि किसी को अश्लील सामग्री दिखाना या खुद को किसी के सामने एक्सपोज करना।
  • साइबर उत्पीड़न ऑनलाइन होता है, जैसे सोशल मीडिया या टेक्स्ट संदेशों के माध्यम से।

यौन उत्पीड़न सिस्टमेटिक रूप में एक साथ कई जगहों पर भी हो सकता है, जैसे कि सड़क पर उत्पीड़न, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में उत्पीड़न, कार्यस्थल या हॉस्टल आदि जगहों पर यौन उत्पीड़न।

यौन उत्पीड़न के कुछ उदाहरण

  • किसी व्यक्ति का रास्ता रोकना; या उसके रास्ते में आकर खड़े हो जाना
  • किसी व्यक्ति की लव लाइफ के बारे में पूछना
  • सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति पर चुपके से नजर रखना
  • सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की फेक प्रोफाइल बनाना
  • किसी की अनुमति के बिना उसका नंबर बांटना
  • किसी को जबरदस्ती गले लगाना या चूमना
  • किसी अपरिचित व्यक्ति को जानू, बेबी, स्वीटी जैसे विशेष नामों से पुकारना
  • किसी सार्वजनिक स्थान पर या अन्य जगहों पर किसी के गलत तरीके से टच करना और फिर ऐसा दिखाना जैसे यह अनजाने में या फिर जानबूझकर किया गया हो 
  • किसी व्यक्ति के शरीर को घूर कर देखना
  • किसी का पीछा करना, रोज उसका पीछा करना या उस पर खास ध्यान देना
  • किसी के सेक्सुअल ओरिएंटेशन या जेंडर आइडेंटिटी (SOGI) का मजाक उड़ाना या इसके बारे में उससे सवाल करना
  • अश्लील चुटकुले बनाना या सेक्स और उसके अनुभव के बारे में अनुभव/कहानियां शेयर करना- भले ही यह आपके बारे में न हो लेकिन आपकी मौजूदगी में आपको असहज करने के लिए किया गया हो
  • ईमेल/एसएमएस/या किसी अन्य माध्यम के जरिए अवांछित/भद्दे या सेक्सुअल संदेश/तस्वीरें भेजना
  • स्कूल में आपके कंप्यूटर पर सेक्सुअल स्क्रीनसेवर जैसी तस्वीरें दिखाना/शेयर करना
  • किसी भी भद्दे या यौन आपत्तिजनक संकेतों/चेहरे के भावों से दूसरे व्यक्ति को असहज करना
  • किसी व्यक्ति के कपड़ों या शरीर के अंग को गलत तरीके और सांकेतिक रूप से छूना, चूमना (फ़्लाइंग  किसिंग), सहलाना
  • मना करने के बावजूद बार-बार डेट के लिए कहना
  • आपत्तिजनक सेक्सुअल इशारे करना, कमेंट करना या चेहरे के हाव-भाव जैसे स्मूचिंग नॉइज़ या आँख मारना 

वह व्यक्ति आपका परिचित भी हो सकता है 

यौन उत्पीड़न करने वाला व्यक्ति आमतौर पर आपका जानने वाला हो सकता है। वह आपका ब्वॉयफ्रेंड, गर्लफ्रेंड, इंटरनेट डेट या स्कूल का टीचर कोई भी हो सकता है। ऐसे में आपके लिए यह कहना मुश्किल हो जाता है कि आप ऐसा नहीं चाहते हैं। आप किसी को पसंद करते हैं, लेकिन वह आपके साथ जो कर रहा है, हो सकता है वह चीज आपको पसंद ना आए। आप क्या चाहते हैं और क्या नहीं चाहते हैं, इसके बारे में बहुत स्पष्ट होना जरूरी है। अगर आपको कोई हरकत पसंद नहीं है तो सीधे-सीधे ‘ना’ बोलें।

लड़के भी

केवल लड़कियों के साथ ही यौन उत्पीड़न नहीं होता है बल्कि लड़कों का भी यौन उत्पीड़न किया जा सकता है। जैसे कि कोई स्पोर्ट्स ट्रेनर जो आपको पसंद करता है, या आपके बेस्ट फ्रेंड का बड़ा भाई जो आपको अश्लील चीजें ऑनलाइन दिखाना चाहता है या फिर आपका पार्टनर जो यह नहीं चाहता कि आपका उसके साथ ब्रेक अप हो। ऐसे लोग भी आपका यौन उत्पीड़न कर सकते हैं।

सबसे बुरी परिस्थिति 

अगर आपके साथ ऐसी परिस्थिति आ जाती है कि कोई आपको यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता है, तो इस बात को अपने तक ही सीमित ना रखें। अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति से इसके बारे में बात करें। यौन उत्पीड़न एक डरावना अनुभव है। इससे आप को सदमे का एहसास भी हो सकता है।  

हो सकता है कि इस घटना के बाद आप अकेले समय बिताना चाहें और फिर जल्द ही भूल जाएं कि आपके साथ क्या हुआ था। लेकिन आप चाह कर भी पूरी तरह नहीं भूल सकते क्योंकि वह घटना आपको बार-बार याद आती रहेगी। आपको डरावने सपने आ सकते हैं। आपको उस व्यक्ति से मिलने में भी डर लग सकता है जिसने आपका यौन उत्पीड़न या बलात्कार किया है। आप बहुत कमजोर और अकेला महसूस कर सकते हैं। आपके पेट या जननांगों में भी दर्द हो सकता है। यहां तक कि आपको प्रेगनेंट या यौन संचारित रोग होने के बारे में सोचकर डर भी लग सकता है। अगर ऐसा है, तो आप तत्काल डॉक्टर के पास या क्लीनिक जाएं और जांच करवाएं।

यहां कुछ चीजें दी गई हैं जिससे आपको अपनी और दूसरों की सुरक्षा करने में मदद मिल सकती है।

  • सबसे पहली बात यौन उत्पीड़न के खिलाफ बोलना जरूरी है। अगर आपका कोई परिचित आपका यौन उत्पीड़न करता है तो उससे कुछ भी कहना मुश्किल हो सकता है। लेकिन उसे यह बताना जरूरी है कि उसका व्यवहार ठीक नहीं है और आप इससे असहज महसूस करते हैं।
  • इसके बारे में परिवार के सदस्य, शिक्षक या परामर्शदाता जैसे किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। वे इस स्थिति से निपटने में आपकी मदद करेंगे और आपकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
  • अधिकारियों को घटना की रिपोर्ट करने से न डरें। वे आपकी मदद करेंगे और इस स्थिति से निपटने में आपकी सहायता करेंगे। 
  • ऑनलाइन खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश करें। ऑनलाइन कोई भी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें। उन लोगों के फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें जिन्हें आप नहीं जानते हैं। आप कोई भी चीज सावधानी से पोस्ट करें। वेबकैम से रिकॉर्डिंग हो सकती है और वीडियो अन्य लोगों को भेजा जा सकता है, इसलिए सावधान रहें।
  • किसी को अपने ऊपर दबाव न बनाने दें। यह न सोचें कि अगर आप ना कहेंगे तो आपके बारे में क्या सोचेगा। यह आपकी बॉडी और आपकी च्वाइस है!
  • अगर दूसरा व्यक्ति आपका सम्मान नहीं करता है तो उससे दोस्ती या रिश्ता न रखें।
  • अगर आपको मना करना है तो सीधे ‘ना’ बोलें, टालमटोल ना करें 

पछतावा और शर्म

यौन उत्पीड़न पीड़ित अक्सर खुद को दोषी महसूस करते हैं। उन्हें लगता है कि उनकी ही गलती से ऐसा हुआ है जबकि ऐसा नहीं होता है! किसी को भी यह अधिकार नहीं है कि वह किसी दूसरे व्यक्ति को ऐसा कुछ करने के लिए मजबूर करे जो वह नहीं करना चाहता। भले ही आप उनके गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड हों, या आपने आखिरी बार उससे हां कहा हो। आपके सेक्सी ड्रेस पहनने या अपने लिए उसे ड्रिंक खरीदने के लिए कहने में भी आपकी कोई गलती नहीं है।

पीड़ितों को कई बार शर्म या झिझक भी महसूस होती है। आपको लगता है कि हर कोई आपके बारे में जानता है कि आपके साथ क्या हुआ है। दरअसल, किसी भी व्यक्ति के साथ जब यौन उत्पीड़न होता है या उसकी सहमति के बिना उससे शारीरिक संबंध बनाया जाता है तो उसके मन में ऐसी बातें आ सकती हैं। यह सामान्य है। आप ओवररिएक्ट नहीं कर रहे हैं। आपके आत्मविश्वास को धक्का लगा है, आपको लगता है कि दुनिया आपके विचार से बहुत कम सुरक्षित है। 

आपको दूसरों के करीब जाने से,  सेक्स से, या अपने शरीर से नफरत हो सकती है। अगर आप अधिक दुखी, उदास या डरे हुए हैं, तो आपको मदद लेनी चाहिए।

 गलती आपकी नहीं है

यह याद रखना जरूरी है कि यौन उत्पीड़न में आपकी गलती नहीं है। आपको इसे सहने की भी जरूरत नहीं है। आपको गरिमापूर्ण जीवन जीने और सम्मान पाने का अधिकार है। यदि आप या आपका कोई परिचित यौन उत्पीड़न का अनुभव कर रहा है, तो इसके बारे में बोलना और मदद मांगना जरूरी है।

क्या आपके पास जेंडर परिवर्तन के बारे में कोई सवाल है? नीचे कमेंट बॉक्स में हमारे साथ साझा करें। याद रखें कि कोई भी पर्सनल जानकारी कमेंट बॉक्स में न डालें।

फोटो: शटरस्टॉक/वायरस्टॉक क्रिएटर्स/फोटो में मौजूद व्यक्ति एक मॉडल है। नाम बदल दिए गए हैं।

एक टिप्पणी छोड़ें

आपकी ईमेल आईडी प्रकाशित नहीं की जाएगी। अपेक्षित स्थानों को रेखांकित कर दिया गया है *

टैग

#AskDisha #canteentalk teamwork अच्छे दोस्त चुन आकर्षण एंग्जायटी कमिंग आउट कहानीमेंटविस किशोर लड़कों का शरीर किशोरावस्था कैंटीन टॉक क्रश गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड बनाने का दबाव जीवन हमेशा के लिए बदलने वाल टीनएज टीनएज लव टीनएज वाला प्यार ट्रांसजेंडर डाइवोर डिप्रेशन तनाव दबाव दिशा से पूछें दोस्ती दोस्ती की प्रोब्लेम पहली किस का दबाव #एक्सपर्टसेपूछें पीरियड्स प्यार प्यार में धोखा बुलइंग मम्मी-पापा अलग हो रहे ह मम्मी-पापा का डाइवोर मेरे बॉयफ्रेंड ने मुझे चीट किआ यौन उत्पीड़न यौन शिक्षा यौनिकता शिक्षक यौवन रिलेशनशिप लड़कियों को अकेले बाहर जाने की अनुमति क्यों नहीं दी जाती ह लड़कों और लड़कियों के बीच अलग-अलग व्यवहार किया जाता ह लड़कों के साथ अलग-अलग व्यवहार क्यों किया जाता ह लड़कों को हर तरह से मजा क्यों करना चाहिए सभी दोस्तों की गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड सहमति ख़राब मूड