हर कोई हमेशा साथ रहने के लिए नहीं आता
बचपन से मैंने अपनी ज़िंदगी में कई लोगों को खोया है। कई बार उन्हें वापस लाने की कोशिश की और कई बार रिश्तों की दूरियां मिटाने की भी।

यह बात मुझे तब समझ आई, जब मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को खो दिया। गलती मेरी थी इसलिए मैं बार-बार उससे माफ़ी मांगती रही क्योंकि मैं उसे खोना नहीं चाहती थी। बाद में जब वह दोबारा मुझसे बात करना चाहती थी, तब मैंने उसे नज़रअंदाज़ कर दिया। मैं उस समय दुखी और नाराज़ थी। बाद में मुझे समझ आया कि गलतियां हम दोनों से हुई थीं और शायद हम दोनों ने उस स्थिति को सही तरह से नहीं संभाला।
उसे खोना आसान नहीं था। वह मेरे अच्छे और बुरे समय में हमेशा मेरे साथ रही थी इसलिए उसका दूर जाना बहुत दुख देता था।
हम अक्सर उन लोगों के लिए बहुत कुछ करते हैं जिन्हें हम प्यार करते हैं। हम रिश्तों को बचाने और बनाए रखने की कोशिश करते हैं लेकिन कभी-कभी ऐसा करते-करते हम खुद को ही भूल जाते हैं। मैं भी लोगों को अपनी ज़िंदगी में बनाए रखने में इतनी व्यस्त हो गई थी कि खुद की अहमियत भूल गई।
लेकिन क्या होता है, जब हम ऐसे लोगों को खो देते हैं, जो हमारे लिए सही नहीं थे?
कभी-कभी मैं सोचती हूं कि अगर मैंने कुछ गलतियां ना की होतीं, तो शायद चीज़ें अलग होतीं लेकिन धीरे-धीरे मुझे समझ आया कि ज़िंदगी हर अनुभव से कुछ सिखाती है।
कई बार किसी का हमारी ज़िंदगी से जाना बुरा लगता है, लेकिन बाद में समझ आता है कि शायद वही बेहतर था। हर इंसान वैसा नहीं होता जैसा वह दिखता है। कुछ लोग सामने से सख्त लगते हैं, लेकिन दिल से बहुत अच्छे होते हैं। वहीं कुछ लोग सामने से बहुत अच्छे लगते हैं, लेकिन हमारे लिए अच्छा नहीं सोचते।
मैं यह नहीं कह रही कि मेरी ज़िंदगी से सिर्फ़ बुरे लोग ही गए हैं। कभी-कभी अच्छे लोग भी दूर हो जाते हैं। शायद इसलिए क्योंकि हर रिश्ता हमेशा के लिए नहीं होता।
यह बात मुझे अपने ब्रेकअप के बाद समझ आई। शायद हम दोनों कोशिश करते तो रिश्ता थोड़ा और चल सकता था, लेकिन अंदर से सब ठीक नहीं लग रहा था। दर्द हुआ, लेकिन मुझे मानना पड़ा कि हर कोई हमेशा हमारी ज़िंदगी में नहीं रहता।
तब मुझे एहसास हुआ कि हर व्यक्ति हमारी ज़िंदगी में किसी ना किसी वजह से आता है। कुछ लोग हमें सीख देते हैं। कुछ लोग खूबसूरत यादें दे जाते हैं। और कुछ लोग हमारी कहानी का बस एक छोटा-सा हिस्सा बनते हैं।
हां, मैंने बहुत से लोगों को खोया है और उनमें से कई मेरे लिए बहुत खास थे लेकिन हर बार मैंने अपने बारे में भी कुछ नया सीखा और जब कुछ लोग चले गए, तो कुछ नए लोग भी मेरी ज़िंदगी में आए। आज भी मुझे कुछ लोगों की याद आती है। शायद हमेशा आती रहे लेकिन शायद यही बड़े होने और ज़िंदगी को समझने का हिस्सा है।
