दिन भर पढ़ाई के बाद भी लगता है कुछ नहीं पढ़ा?
अगर तुम भी घंटों किताबें लेकर बैठे रहते हो लेकिन लगता है कि कुछ पढ़ा नहीं है, तो इसका मतलब है कि तुम्हारा दिमाग थक गया है। उसे आराम दो फिर स्टार्ट करो।

सुबह 8 बजे से टेबल पर बैठा हूं। सामने किताबों का ढेर है, हाथ में हाईलाइटर है और दिमाग में सिर्फ एक ही बात घूम रही है, “इस बार तो टॉप करना है।” लेकिन अब रात के 10 बज रहे हैं। आंखें दर्द कर रही हैं, पीठ में दर्द हो रहा है और जब मैं खुद से पूछता हूं कि ‘आज क्या पढ़ा या क्या कंप्लीट किया?’, तो दिमाग बिल्कुल खाली हो जाता है।
ऐसा लगता है, जैसे पूरे दिन सिर्फ पन्ने पलटे हैं लेकिन पढ़ा कुछ नहीं है। क्या तुम्हारे साथ भी ऐसा होता है?
सच्चाई यह है कि यह एहसास हर स्टूडेंट को अंदर से तोड़ देता है। एक अजीब सा डर और गिल्ट महसूस होती है कि यार, इतनी देर बैठा और पढ़ने की कोशिश की लेकिन एक भी टारगेट कंप्लीट नहीं कर पाया। साथ ही, लगने लगता है कि मैं अपने मम्मी-पापा को भी धोखा दे रहा हूं, अपने दोस्तों से पीछे छूट रहा हूं और शायद मैं ही उतना स्मार्ट नहीं हूं। जब एग्ज़ाम पास आ रहे हों, तो यह ख्याल और भी डरावना लगने लगता है।
लेकिन रुको। एक मिनट के लिए अपनी किताबें बंद करो और एक लंबी सांस लो।
अगर तुम भी इस दौर से गुज़र रहे हो, तो सबसे पहले अपने दिमाग से इस गिल्ट को बाहर निकालो। तुम कामचोर या आलसी नहीं हो। सच तो यह है कि तुम ‘एग्ज़ाम बर्नआउट’ का शिकार हो चुके हो। जब हम बिना रुके, लगातार खुद को पुश करते रहते हैं, तो हमारा दिमाग थक जाता है। थका हुआ दिमाग नई चीज़ें प्रोसेस करना बंद कर देता है। भले ही तुम 12 घंटे किताब के सामने क्यों ना बैठे रहो।
दिन भर मेज़ पर बैठने का मतलब यह नहीं होता कि पढ़ाई हुई ही है। इसे ‘पैसिव लर्निंग’ कहते हैं, जहां हम सिर्फ थकते हैं, सीखते नहीं इसलिए, खुद को कोसना बंद करो।
यहां कुछ छोटी-छोटी बातें हैं, जो तुम्हें इस थकान और डर से बाहर निकाल सकती हैं-
- ‘क्वालिटी’ को चुनो, ‘क्वांटिटी’ को नहीं: 10 घंटे बिना समझे बैठने से बेहतर है कि तुम 3 घंटे पूरे फोकस के साथ पढ़ो।
- पोमोडोरो तकनीक (Pomodoro Technique) आज़माओ: 25-30 मिनट पढ़ो और फिर 5 मिनट का ब्रेक लो। इस ब्रेक में फोन मत चलाओ। टहलो, पानी पीओ या आंखें बंद करके बैठो।
- छोटे टारगेट्स बनाओ: पूरे चैप्टर का बोझ एक साथ मत लो। सिर्फ एक टॉपिक चुनो और जब वो पूरा हो जाए, तो खुद की पीठ थपथपाओ।
- खुद के साथ थोड़ा प्यार से पेश आओ: अगर किसी दिन पढ़ाई अच्छी नहीं हुई, तो इसका मतलब यह नहीं कि तुम्हारा फ्यूचर खराब हो गया। एक खराब दिन तुम्हारी काबिलियत तय नहीं कर सकता।
एग्ज़ाम्स ज़रूरी हैं लेकिन तुम्हारी मेंटल हेल्थ और तुम्हारी मुस्कुराहट से ज़्यादा नहीं। तुम जितनी मेहनत कर रहे हो, वो बेकार नहीं जाएगी। तुम्हारा दिमाग बस थोड़ा थक गया है, उसे थोड़ा आराम दो।